गर्मियों की छुट्टियों की मौज मस्ती Teens Summer Vacation Ideas And Tips in Hindi



गर्मियों की छुट्टियों की मौज मस्ती Teens Summer Vacation Ideas And Tips in Hindi – गर्मियों की छुट्टियां किशोरों को उत्साह से भर देती हैं वही मां-बाप समझ नहीं पाते हैं कि कैसे उनका दिनभर फिजूल में घूमना बंद कराया जाए | इसलिए हम यहाँ पर आपके लायें कुछ ऐसे सुझाव जिससे बच्चो को एक नई दिशा मिल सकेगी और उनका समय भी अच्छा पास होगा |
जबसे गर्मियों की छुट्टियां शुरू हुई हैं, बच्चों के पांव घर पर टिकते ही नहीं है | दसवीं की परीक्षा देने के बाद से वह खुद को बहुत बड़ा समझने लगा है | मम्मी पापा की एक नहीं सुनता है | सुबह-सुबह दोस्तों के घर के बाहर आवाज लगाना, ग्रुप में निकल जाना, ताश बाजी, कैरम, सिनेमा के सिवा कोई दूसरा काम नहीं है | कई बार इस सबसे उसका दिल ऊबता भी है, पर क्या करें, यह वह समझ नहीं पाता है | गर्मियों की छुट्टियों में हर बच्चे के सामने यह परेशानी आती है | यदि उनके शौक को एक दिशा मिल जाए, तो वह व्यस्त रहते हैं और उनका व्यक्तित्व भी निखरता है | इससे जीवन में अनुशासन भी आता है |

किशोरों को आत्म निर्भर बनाएं

किशोर उम्र के बच्चों को छोटी-छोटी जिम्मेदारियां दें | घर के कामों में हाथ बटाने को कह सकते हैं | लड़का हो या लड़की उसे थोड़ा बहुत खाना बनाना सिखाना अच्छा रहता है |

किशोरों के रचनात्मक रुझानों को दिशा

अगर किशोर बच्चे को फोटोग्राफी, संगीत, अभिनय आदि का शौक है, तो उसे कला प्रशिक्षण केंद्र में दाखिला दिलवाया जा सकता है | महानगरों में बच्चों की छुपी प्रतिभाओं को दिशा देने वाले इस तरह के कला केंद्र आजकल काफी होते हैं, जिनकी अपनी बसे भी चलती हैं | फोटोग्राफी का शौक भविष्य में व्यवसाय भी बन सकता है | किसी पेशेवर फोटोग्राफर से भी फोटोग्राफी सिखाई जा सकती है |

गर्मियों की छुट्टियों में उन्हें कंप्यूटर सिखाया जा सकता है | अगर ड्राइंग, पेंटिंग या शिल्पकारी में बच्चे की दिलचस्पी है, तो उसे ड्राइंग, पेंटिंग और शिल्पकारी सीखने भेजा जा सकता है | इस से बच्चों में एकाग्रता और सोचने की क्षमता बेहतर होती है | इस दिशा में हैंडीक्राफ्ट भी मददगार साबित हो सकता है | सिर्फ लड़कियों को ही नहीं लड़कों को भी ब्लॉक प्रिंटिंग, बुटीक और टाई एंड डाई का काम अच्छा लग सकता है | इसमें अपने हाथों से एक सफेद कपड़े के टुकड़े को आकर्षक रंगों और डिजाइन से सजाकर तैयार करना काफी रचनात्मक अनुभव रहता है | लड़के अपने लिए टाई एंड डाई के जरिए कमीज का पीस डिजाइन कर सकते हैं |

लाइब्रेरी बनाने के लिए प्रोत्साहित करें

अगर किशोर उम्र के बच्चे को पढ़ने का शौक है, तो लाइब्रेरी का सदस्य बनने के लिए प्रेरित कर सकते हैं | इससे शब्दकोश का ज्ञान बढ़ता है और रचनात्मक गुणों का विकास होता है | इसके अलावा दो तीन किशोर मिलकर अपनी लाइब्रेरी बना भी सकते हैं | अगर घर का माहौल पढ़ने लिखने का है, तो घर में पत्रिकाएं, कहानी की किताबें, उपन्यास आसानी से उपलब्ध होते हैं | इन किताबों पत्रिकाओं को इकट्ठा कर लाइब्रेरी बनाने के लिए प्रेरित किया जा सकता है | लाइब्रेरी का सदस्य बनने की कुछ फीस रखी जा सकती है | गर्मियों की छुट्टियां खत्म होने पर उन पैसों से लाइब्रेरी के सदस्यों को पार्टी देना एक अच्छा अनुभव हो सकता है |

पिकनिक ग्रुप और अभिनय की वर्कशॉप

बच्चों को ग्रुप पिकनिक पर जाने दे | उन्हें किसी विश्वासपात्र के संरक्षण में ट्रेकिंग के लिए भी भेजा जा सकता है | इससे बच्चे में साहस और आत्मविश्वास मजबूत होता है | लड़का हो या लड़की, इस तरह के कैंपों का आनंद दोनों ही उठा सकते हैं | लड़की समझ कर उसे रोकिए नहीं,\ | हां, देख लीजिए कितनी लड़कियां साथ में जा रही हैं | शिविर आयोजित करने वाले की विश्वसनीयता की पड़ताल भी कर लें | शहरों में कुछ नाटक ग्रुप गर्मियों की छुट्टियों में किशोरों और बच्चों के लिए थिएटर वर्कशॉप भी आयोजित करते हैं | जिन शहरों में यह सुविधा नहीं है, वहां मोहल्ले कॉलोनी के किशोर बच्चे मिलकर रंगारंग कार्यक्रम पेश कर सकते हैं |

Previous
Next Post »
0 Komentar